मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मिलता सर्वपल्ली राधाकृष्णन संस्थान एवं बालना, नालटीनाल गाा
संस्थान के खस्ताहाल रास्ते की मरम्मत और शिक्षा से जुड़े मुद्दे उठाए
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
सर्वपल्ली राधाकृष्णन बीएड/एमएड एवं डिग्री कॉलेज बालना (नोगली) के अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार के नेतृत्व में संस्थान और बालना-नालटीनाल गांव का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का स्वागत कर संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। डॉ. मुकेश कुमार ने संस्थान से लगते खस्ताहाल रास्ते का मुद्दा मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया। उन्होंने कहा कि मार्ग की खराब स्थिति के कारण विद्यार्थियों, प्रशिक्षुओं, शिक्षकों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने मार्ग की मरम्मत और सुधार करवाने की मांग की। मुख्यमंत्री ने संस्थान के प्रशिक्षुओं से बातचीत कर उनकी शिक्षा और प्रशिक्षण से जुड़े विषयों की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में आने वाले नए शिक्षक पदों पर नियुक्तियों को लेकर प्रशिक्षुओं को आश्वस्त किया। मुख्यमंत्री ने संस्थान की प्राचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज से भी बीएड और एमएड प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी ली। डॉ. मुकेश कुमार ने मानव कल्याण समिति की ओर से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को फीस में छूट और अनाथ बच्चों को निशुल्क शिक्षा एवं प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की शैक्षणिक जरूरतों और संस्थान से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं के मुद्दे भी रखे।