रामपुर। मोहल्ला कैथ वाली मस्जिद क्षेत्र में तेज हवा के कारण बिजली के तार आपस में टकरा गए, जिससे चिंगारी निकलने पर तारों में आग लग गई। घटना के बाद इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। करीब सात घंटे बाद बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आपूर्ति बहाल कराई। इस दौरान लोगों को गर्मी और पानी की समस्या का सामना करना पड़ा।
मोहल्ले में एलटी लाइन के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जा रही थी। शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे तेज हवा के झोंके से बिजली के तार आपस में टकरा गए। इससे चिंगारी निकली और तारों में आग लग गई। आग लगते ही क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
बिजली गुल होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई। गर्मी के कारण लोगों की नींद प्रभावित हुई, वहीं सुबह होने पर पानी का संकट भी खड़ा हो गया। बिजली न होने से मोटर नहीं चल सकी, जिससे लोगों को स्नान और भोजन बनाने तक में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बिजली विभाग का कार्यालय खुलने के बाद सुबह करीब 10 बजे विभागीय टीम मौके पर पहुंची और खराबी दूर कर आपूर्ति बहाल की। इस तरह करीब सात घंटे बाद क्षेत्र में बिजली सप्लाई सुचारू हो सकी।
एक्सईएन प्रथम पीके शर्मा ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे समय रहते ठीक कराकर सप्लाई बहाल कर दी गई।