रामपुर। अब जिले के लोगों को ट्रिपिंग ओर बिजली कटौती की समस्या से निजात मिलेगी।। बिलासपुर के ग्राम गुलड़िया 765 केवी का बिजलीघर तैयार हो चुका है। इससे जिले के साथ बरेली, संभल, मुरादाबाद को भी बिजली आपूर्ति होगी। 1267 करोड़ से तैयार बिजलीघर को रामपुर के लिए 220 केवी शंकरपुर उपकेंद्र से जोड़ा जा चुका है और यहां से जिले को बिजली आपूर्ति होने लगी है। मुरादाबाद मंडल में सबसे अधिक क्षमता वाला 765 केवी का बिजलीघर तैयार हो चुका है। 2018-19 से निर्माणाधीन यह बिजलीघर बिलासपुर के ग्राम गुलड़िया में स्थापित हो चुका है। बताया जा रहा है कि बिजलीघर बरेली के सीबीगंज से लेकर मुरादाबाद, संभल और रामपुर जिले में बिजली सप्लाई पहुंचाने के मकसद से यह तैयार किया गया है। इसके निर्माण में करीब 1267 करोड़ रुपये की लागत आई है।
खास बात यह है कि रामपुर जिले में उपभोक्ताओं को गर्मी से राहत दिलाने के लिए इसको धमोरा के आगे बने शंकरपुर ट्रांसमिशन से जोड़ा जा चुका है और यहां बिजली सप्लाई भी शुरू कर दी गई है। जिससे अब रामपुर के लोगों को काफी राहत मिलेगी। बिजली अधिकारियों का कहना है कि अभी सप्लाई को और क्षमतावान बनाने की कवायद की जा रही है। इसको दो फेज में बदलाव करने की योजना के साथ एक लाइन पर और काम किया जाएगा। जल्द ही अन्य जिलों को आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
इस बिजलीघर की नींव पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने रखी थी। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले इस बिजलीघर का निर्माण संबंधित गांव में भूमि खरीदकर सरकार ने कराया है। जिसका लाभ अब रामपुर के साथ अन्य जिलों तक लोगों को मिल सकेगा।
765 केवी का बिजलीघर तैयार हो चुका है। इससे रामपुर को 320 एमवीए बिजली सप्लाई भी शुरू कर दी है। रामपुर को इस बिजलीघर से शंकरपुर के 220 उपकेंद्र को जोड़ दिया गया है। इसके साथ अन्य जगह भी प्रक्रिया चल रही है। -शिवम खैरायत, एक्सईएन तकनीकी, पश्चिमी यूपी विद्युत वितरण मंडल, रामपुर