आचार संहिता लागू होने के बाद भी प्रशासन इसका पालन नहीं करा पा रहा है। अभी भी कहीं पार्टियों के बैनर लगे हैं, तो कहीं नारे लिखे हुए हैं। इसका खुलासा अब प्रेक्षकों के दौरे में हो रहा है। प्रेक्षक ने जब बूथों के आसपास पोस्टर लगे देखे तो उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए पोस्टरों को फड़वा दिया। कई स्थानों पर नारे भी पुतवा दिए गए। प्रेक्षक ने अफसरों को सख्ती से आचार संहिता का पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
चुनाव का डंका बज चुका है और आचार संहिता भी लागू हो चुकी है, लेकिन इसके बाद भी प्रशासन आचार संहिता का पालन नहीं करा पा रहा है। आचार संहिता का पालन कितना हो रहा है? इसका जायजा लेने के लिए प्रेक्षकों की टीम अब फील्ड में दौड़नी शुरू हो गई है। शहर विधानसभा क्षेत्र के प्रेक्षक के रूप में तैनात किए गए। आईएएस अधिकारी सुधीर कुमार सिंह ने रविवार को फील्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आगापुर, अजीतपुर, पनवड़िया, ज्वाला नगर और फैजुल्लानगर गांव के बूथों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आगापुर समेत कई बूथों पर सपा व भाजपा के पोस्टर लगे हुए मिले, जिस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। साथ ही कई बूथों पर नारे भी लिखे हुए थे। प्रेक्षक की नाराजगी के बाद पोस्टरों को फड़वाया गया, साथ ही नारों को भी पुतवाया गया। इस दौरान उनके साथ निर्वाचन अधिकारी अभय गुप्ता, आबकारी अधिकारी राधेश्याम शुक्ला, सीओ दिनेश चंद्र शुक्ला मौजूद रहे।