रामपुर। अपर जिलाधिकारी प्रशासन जगदम्बा प्रसाद गुप्ता ने शहर के वार्ड संख्या सात का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड में चर्च से लेकर नूरमहल तक और वहां से कोठीखास बाग तक तथा नूरमहल के पीछे पार्क एवं आवास विकास कॉलोनी के मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय कोई भी सफाई कर्मचारी सफाई करते नहीं पाया गया।
मौके पर उपस्थित अधिशासी अधिकारी डॉ. इन्दुशेखर मिश्रा ने सफाई नायक को निर्देशित कर सफाई कर्मियों को बुलवाया और सड़क के किनारे पड़े कूड़े के ढेरों को हटाए जाने के निर्देश दिए गए। सफाई नायक ने बताया कि वार्ड में ऑउटसोर्सिंग के 16 सफाई कर्मचारी सफाई कार्य के लिए लगाए गए हैं, लेकिन मौके पर बुलाने पर 10 सफाईकर्मी ही उपस्थित हुए, जिससे स्पष्ट है कि ऑउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत सफाईकर्मी अच्छी तरह से सफाई का कार्य नहीं करते हैं और कार्य स्थल पर अनुपस्थित भी रहते हैं। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि नगर पालिका में कार्यरत सभी सफाई कर्मचारियों की प्रतिदिन की उपस्थिति सफाई नायक व सफाई निरीक्षकों के माध्यम से प्रतिदिन शत-प्रतिशत सुनिश्चित कराई जाए तथा ऑउटसोर्सिंग के सफाईकर्मी के अनुपस्थित, कार्य अमल का आकलन कर कार्रवाई करें। नूरमहल से लेकर कोठीखास बाग तक आवासों के पानी की निकासी जिस नाली में होती है, उसका जुड़ाव किसी भी सीवर से नहीं है, जिस कारण नाली का गंदा पानी सड़क पर भर जाता है। नाली की सफाई भी भली-भांति नहीं की जा रही है। सड़क के किनारे काफी घास जमा पाई गई, जिसको तत्काल साफ कराए जाने के निर्देश दिए गए। नूरमहल के साइड में वीआईपी कालोनी में बने पार्क में काफी गंदगी पाई गई, जिसके सम्बन्ध में ईओ को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक दशा में यथाशीघ्र पार्क की साफ-सफाई कराना सुनिश्चित करें तथा पार्क को व्यवस्थित कराकर उसका नामकरण महिलाशक्ति के नाम पर कराने की कार्यवाही करें। नूरमहल आवास विकास कालोनी में दो बड़े डस्टबीन लगाए जाने के निर्देश भी दिए गए। कोठीखास बाग के सामने सड़क के किनारे खाली स्थान पर गंदगी का अम्बार लगा पाया गया, जिसको तत्काल साफ कराए जाने के निर्देश दिए गए। अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सफाई नायक सुनील कुमार को अपने दायित्वों का निर्वहन ठीक प्रकार से न किए जाने के सम्बन्ध में कारण बताओ नोटिस जारी कर कार्रवाई करें। साथ ही दोषी सफाई कर्मचारियों के विरूद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाए एवं सम्बन्धित सफाई निरीक्षक की भी जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई से तीन दिन में बताएं।