सैफनी। किशनपुर गांव निवासी आकिल के आत्महत्या के मामले में परिजनों ने युवक की पत्नी व ससुरालियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। इसको लेकर तहरीर दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल गुवाहाटी बताते हुए रिपोर्ट दर्ज करने से इन्कर कर दिया है। इस बीच देर रात शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
गांव निवासी आकिल ने तीन दिन पहले गुवाहाटी के एक होटल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से उसने वीडियो बनाते हुए पत्नी व ससुरालियों पर 20 लाख रुपये की डिमांड करने का आरोप लगाया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए थे।
बाद में शव को लेकर गांव पहुंचे, जहां देर रात आकिल के शव को दफनाया गया था। इस बीच परिजनों ने बताया कि आकिल की शादी लगभग नाै माह पहले मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव मुंडिया अहतमाल निवासी युवती से हुई थी।
परिजनों का आरोप है कि शादी के दो महीने बाद से ही पति-पत्नी में विवाद होने लगा था। बताया गया कि 15 दिन पहले ही आकिल की पत्नी को उसका भाई अपने घर लेकर चला गया था, जिसके बाद आकिल गुवाहाटी में खाना बनाने के लिए होटल पर काम करने चला गया था। परिजनों ने बताया कि वहां फोन पर भी पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिस पर आकिल ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल की जिसमे वह अपनी पत्नी व सालों पर आरोप लगा रहा है कि पत्नी तलाक के नाम पर 20 लाख रुपये की मांग करती है।
रुपये न देने पर उसे व उसके परिवार वालों को दहेज एक्ट और दुष्कर्म में फंसाने की धमकी दे रही है। वीडियो बनाने के बाद आकिल ने फांसी पर लटककर जान दे दी। उसका बड़ा भाई शकील गुवाहाटी से कुछ दूरी पर दूसरे होटल पर काम करता था। यह सूचना पाकर वह आनन-फानन में पर मौके पर पहुंचा था।
शकील ने बताया कि उसने सैफनी पुलिस को तहरीर देकर मृतक आकिल की पत्नी व ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सैफनी थानाध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि घटनास्थल गुवाहाटी का है। पोस्टमार्टम वहीं हुआ है और कार्रवाई भी वहीं होगी।