टांडा (रामपुर)। क्षेत्र के एक गांव से 15 दिन पूर्व फरार हुए तीन प्रेमी जोड़ों को पुलिस ने पंजाब से बरामद किया है। पुलिस तीनों प्रेमी जोड़ों को टांडा कोतवाली ले आई और इसके बाद युवतियों का मेडिकल कराया गया, जिसमें एक के नाबालिग होने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने तीनों को महिला थाने भेज दिया।
करीब 15 दिन पूर्व क्षेत्र के एक गांव के तीन युवक-युवती गायब हो गए थे। परिजनों ने तीनों युवकों के खिलाफ प्रेम प्रसंग में बहलाकर-फुसलाकर उनकी बेटियों के अपहरण किए जाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी बीच पुलिस को जानकारी मिली कि तीनों युवक युवतियों को पंजाब लेकर गए हैं। सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने पंजाब पुलिस से संपर्क किया और पंजाब पुलिस की सहायता से तीनों युवकों को युवतियों के साथ पंजाब से बरामद कर लिया। पुलिस ने युवतियों को मेडिकल परीक्षण के बाद महिला थाने भेज दिया है, जबकि तीनों युवक पुलिस की हिरासत में हैं। पुलिस के अनुसार मेडिकल परीक्षण में एक युवती नाबालिग पाई गई है। सीओ स्वार धर्म सिंह मार्छल ने बताया कि तीनों युवतियों को कोर्ट में पेश कर उनके बयान दर्ज कराए जाएंगे। बयान दर्ज होने के बाद कोर्ट के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई होगी।