रामपुर की आवास विकास कॉलोनी में श्याम गुणगान महोत्सव में आरती करते श्रद्घालु। संवाद
- फोटो : RAMPUR
रामपुर। शहर में निर्जल एकादशी पर हुए श्याम महोत्सव में श्रद्धालु आधी रात तक बाबा खाटू श्याम के भजनों पर झूमते रहे। श्याम बाबा के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। श्रीश्याम मस्त मंडल की ओर से गंगापुर आवास विकास कॉलोनी में हुए श्याम संकीर्तन महोत्सव श्याम प्रभु की सुंदर झांकी सजाई गई। बाबा की ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। बाबा को माखन, मिश्री, मेवा, फल, मिष्ठान आदि का भोग भी लगाया गया।
इसके बाद कलाकार मुकेश श्याम, आशू बंसल, अमित बंसल ने महोत्सव की शुरुआत की। भजन गायकों ने सज धज कर बैठयो, सांवरिये यो बैठो मुस्कावे। कण कण में बास है जिसका, तिहूंलोक पे राज है उसका। श्याम प्रभु को कोई अपना बनाकर देखो, जब से देखा तुझे जाने क्या हो गया, खाटू वाले श्याम मैं तेरा हो गया, भगत के वश में है भगवान, श्याम तेरा सच्चा दरबार, दीनानाथ मेरी लाज छानी कोनी तेरे से आदि भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आधी रात तक श्रद्धाजु बाबा श्याम की भक्ति में झूमते रहे। आरती व प्रसाद वितरण के बाद गुणगान का समापन हुआ। इस मौके पर गौरव अग्रवाल, अन्नू आदि मौजूद रहे।
वहीं ज्वाला नगर स्थित श्री श्याम मंदिर निर्जला एकादशी पर बाबा का गुणगान किया गया। बाबा खाटू श्याम को छप्पन भोग अर्पित किए गए। कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए बाबा का गुणगान किया गया। गायक कलाकार मनोज शर्मा ने बाबा के सुंदर भजन प्रस्तुत किए। मेरे सिर पर रख दो बाबा अपने दोनों हाथ, कीर्तन की है रात बाबा आज ठाणे आनो है। आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर विष्णु हरि शर्मा, सुमन कौशिक, सौरभ गुप्ता, मुनीष गुप्ता, निलेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।