दढ़ियाल। टांडा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी सोनू निवासी ग्राम लोधीपुर नायक को काशीपुर रोड पर रामपुर धम्मन चौराहे के पास से पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के भाई ने तीन नवंबर को कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि आरोपी सोनू पिछले कुछ दिनों से उसकी नाबालिग बहन के साथ छेड़खानी कर रहा था। विरोध करने के बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।
आरोप है कि 22 सितंबर को परिवार के सदस्य भाई की तबीयत खराब होने पर उसे उपचार के लिए शाहबाद स्थित एक भगत के पास ले गए थे। लौटने में देर होने के कारण परिजन मुरादाबाद जिले के एक गांव में रिश्तेदार के यहां रुक गए। घर पर नाबालिग अपने छोटे भाई के साथ अकेली थी।
आरोप है कि इसी दौरान सोनू घर में घुस आया और नाबालिग के साथ जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की और किसी को घटना बताने पर उसे तथा उसके छोटे भाई को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी कथित तौर पर घर के मोबाइल नंबर पर भी धमकियां देता रहा। डर के कारण पीड़िता ने शुरुआत में किसी को घटना की जानकारी नहीं दी।
परिजनों के अनुसार, मानसिक तनाव के चलते पीड़िता की तबीयत बिगड़ गई। उसे काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आठ दिन तक उसका उपचार चला। सीओ टांडा पंकज पंत के अनुसार, पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।