ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। रामपुर खंड के दुर्गम क्षेत्र 15/20 की कूट पंचायत में पुलिस के साथ मिलकर महिलाओं और युवाओं ने भांग उखाड़ो अभियान चलाया। इस दौरान पंचायत प्रधान रतन डोगरा की अगुवाई में पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में उगे भांग के पौधों को उखाड़ा गया। सभी ने मिलकर कूट पंचायत के पांचों वार्डों में सरकारी और निजी जमीन पर प्राकृतिक रूप से उगी 20 बीघा जमीन में उगे भांग के पौधों को नष्ट किया और समाज को नशा मुक्ति का संदेश दिया।
अभियान के दौरान झाकड़ी थाना के सह प्रभारी सब इंस्पेक्टर ईश्वर ठाकुर भी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों को नशे के प्रति जागरूक किया और कहा कि कहीं भी भांग के पौधे दिखाई दें तो उन्हें नष्ट करने का आग्रह किया।
पंचायत प्रधान रतन डोगरा ने भी लोगों से अपने बच्चों को नशे से दूर रखने और इस बात पर ध्यान देने की अपील की है। अभियान में पटवारी सुख देव, वन विभाग के बीट गार्ड देवेंद्र डाली, पंचायत सदस्य सुरजीत कुमार, स्नेहलता, रुमिता, वेद प्रकाश, गुरु देव, महिला मंडल कूट, युवक मंडल कूट और पुलिस जवानों ने सहयोग किया।