टांडा में वृद्धा की हत्या का मामला, हाथ लगे कई अहम सुराग, मोबाइल सीडीआर पर टिकी पुलिस की निगाह
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर। टांडा में वृद्धा का गला घोंटकर हत्या मामले में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। पुलिस इस मामले में प्रेम-प्रसंग सहित कई एंगल में जांच कर रही है। उधर, पुलिस मोबाइल की सीडीआर भी निकाल रही है। सीडीआर में कई मोबाइल नंबर संदिग्ध मिले हैं। पुलिस एक-दो दिन में इस मामले का खुलासा कर सकती है।
टांडा क्षेत्र में शनिवार दोपहर नगर के मोहल्ला नज्जूपुरा में वृद्धा रफत शाहीन की हत्या कर दी गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने की बात सामने आई है। इस मामले में पुलिस गुलफ्शा को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। लेकिन हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
सोमवार को पुलिस की जांच में कई ऐसे सबूत हाथ लगे हैं, जिसके दम पर पुलिस जल्द खुलासा कर सकती है। पुलिस प्रेम प्रसंग, चोरी सहित कई एंगल में जांच कर रही है।
उधर, पुलिस ने रफत शाहीन के बेटे, हत्यारोपी गुलफ्शा, उसके बहनोई आदि की सीडीआर निकाली है। सीडीआर में कई अहम जानकारी हाथ लगी है। सीओ टांडा केएन आनंद ने बताया कि पुलिस खुलासे के बहुत करीब है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।
-
मृतका के बेटे ने एसपी को सौंपी तहरीर
मृतका के बेटे हारिस ने सोमवार को एसपी विद्यासागर से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने एक शिकायती पत्र सौंपा। आरोप लगाया कि उसके घर से छह लाख रुपये और 15 तोले सोने के जेवर लूटे गए हैं। आरोप लगाया कि पुलिस ने दबाव में उससे प्रार्थना पत्र भी बदलवा दिया।