रामपुर। होली और जुमे की नमाज एक ही दिन होने की चुनौती से निपटने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह तैयार हो गया है। इस दौरान जिलेभर में ड्रोन कैमरों के जरिये निगरानी शुरू कर दी गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर भी चेकिंग शुरू कर दी गई है।
इस बार होली और रमजान माह में जुमे की नमाज एक ही दिन होगी। इसको लेकर पुलिस प्रशासन ने अपने स्तर से सभी तैयारियां मुकम्मल कर ली हैं। जिले में 1263 स्थानों पर होलिका दहन किया गया है। शुक्रवार को होली के रंग खेले जाएंगे, वहीं दोपहर में जुमे की नमाज भी होनी है। इसको लेकर पुलिस व प्रशासनिक अमला पूरी तरह तैयार है।
मजिस्ट्रेट की तैनाती हो चुकी है। इसके अलावा पुलिसकर्मियों की भी तैनाती हो गई है। डीएम जोगिंदर सिंह व एसपी विद्या सागर मिश्र सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा भी कर चुके हैं। होली उत्सव और फिर जुमे की नमाज के दौरान पैनी निगाह रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
होली और जुमे की नमाज को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी लोग शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। कोई भी माहौल खराब न करे।
-जोगिंदर सिंह, डीएम
होली और जुमे की नमाज को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलेभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-विद्या सागर मिश्र, एसपी
रेलवे स्टेशन पर की गई चेकिंग
रामपुर। रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्टेशन पर हर आने-जाने वाले यात्रियों से पूछताछ की गई। वहीं, संदिग्ध दिखने वाले लोगों की तलाशी भी ली गई। देर शाम तक टीम जांच-पड़ताल करती रही। होली के त्योहार के मद्देनजर जीआरपी इंस्पेक्टर मुकेश कुमार और आरपीएफ की टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने संदिग्ध दिखने वाले लोगों का बैग चेक किया। इसके बाद उनसे पूछताछ की। इस दौरान कई लोगों की तलाशी भी ली। टिकट भी चेक किए।
बिलासपुर में स्टेशन पर रही चौकसी
बिलासपुर। होली को लेकर बृहस्पतिवार को भी ट्रेनों में घर जाने वालों की भीड़ रही। सुरक्षा दृष्टि से जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने स्टेशनों पर चेकिंग अभियान चलाया। रुद्रपुर जीआरपी चौकी प्रभारी ईश्वर चंद्र व आरपीएफ चौकी प्रभारी संतोष मीणा के नेतृत्व में दोनों टीमों ने बृहस्पतिवार को दिनभर ट्रेनों व प्लेटफाॅर्म पर चेकिंग अभियान चलाया। दोनों टीम प्रभारियों के बताया कि उन्होंने होली त्योहार के मद्देनजर रुद्रपुर सिटी रेलवे स्टेशन, बिलासपुर रोड रेलवे स्टेशन, रामपुर रेलवे स्टेशन, केमरी हॉल्ट, चमराैआ हॉल्ट पर चेकिंग की है।
कंट्रोल रूम पर दें सूचना
रामपुर। होली व रमजान के दूसरे जुमे को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से कंट्रोल रूम खोला गया है। डीएम जोगिंदर सिंह के मुताबिक कलक्ट्रेट में कंट्रोल रूम खोला गया है। कहीं कोई दिक्कत हो तो लोग कंट्रोल रूम के नंबर 0595-250404, 9068309528 पर कॉल कर सकते हैं। इसके अलावा कोई भी सूचना व्हाट्सएप नंबर 9045299525 पर भेज सकते हैं। कंट्रोल रूम में आने वाली हर सूचना को संज्ञान में लिया जाएगा। इसके लिए डीएम ने सख्त आदेश जारी कर दिए हैं।