एक दिन में तीन लाख से ज्यादा पौधे रोपित करने के रिकार्ड को पाने के लिए भीषण गर्मी के बीच हजारों स्कूली बच्चे सड़कों पर उतर आए। स्कूली बच्चों ने पौधारोपण के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए रैली निकाली। रैली में शामिल बच्चों में जबर्दस्त उत्साह देखा गया। इस दौरान अफसर भी बच्चों का हौंसला बढ़ा रहे थे।
यूपी सरकार प्रदेश में पर्यावरण प्रदूषण को दूर करने के लिहाज से सोमवार को चौबीस घंटे के भीतर प्रदेश भर में पांच करोड़ पौधा रोपित करने का अभियान शुरू कर रही है। इतनी बढ़ी संख्या में पौधे रोपित कर सरकरा अपना नाम गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराना चाहती है। इसी क्रम में रामपुर को भी तीन लाख पौधे रोपित करने का टारगेट दिया गया है। पौधारोपण के प्रति जागरुकता लाने के लिए प्रशासन की पहल पर रविवार को स्कूली बच्चों का सैलाब सड़कों पर उतर आया। कचहरी चौराहे से गांधी समाधि तक की रैली निकाली गई। रैली की शुुरुआत जिलाधिकारी राजीव रौतेला व एसपी संजीव त्यागी ने हरी झंडी दिखाकर की।
इस मौके पर ज्यादा से ज्यादा पौधे रोपित करने का आह्ववान किया गया। रैली जौहर रोड से होती हुई गांधी समाधि पर जाकर संपन्न हो गई। रैली के दौरान स्कूली बच्चे बैंड की धुन बजाने के साथ ही नारे लगाते हुए चल रहे थे। इसके साथ ही पर्यावरण प्रदूषण दूर करने के लिए भी बच्चे नारे लगा रहे थे। जबर्दस्त गर्मी के बीच बच्चों का उत्साह कम होते हुए नजर नहीं आ रहा था। इस दौरान काफी देर तक यहां उत्साह का माहौल देखा गया। इस मौके पर जिलाधिकारी ने बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरुक करने का आह्ववान किया। जिलाधिकारी व एसपी के अलावा सीडीओ अमित किशोर, डीएफओ गजेंद्र सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट मदन गर्बियाल, बीएसए एसके तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र पाल, सीएमओ डा.एसएल सारस्वत के साथ ही तहसीलदार मौजूद रहे। रैली के कोआर्डिनेटर एआरटीओ कौशलेंद्र प्रताप सिंह रहे।
इन स्कूलों के बच्चों ने लिया हिस्सा ः व्हाइट हाल पब्लिक स्कूल, दयावती मोदी अकादमी, सेंट पाल्स सीनियर सेकेडरी स्कूल, ग्रीनवुड स्कूल, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, संजय गांधी मांटेसरी स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज, कन्या इंटर कालेज खारी कुआं, राजकीय बालिका इंटर कालेज, जैन इंटर कालेज, सुंदर लाल इंटर कालेज, मुर्तजा इंटर कालेज, होली चाइल्ड स्कूल बिलासपुर, न्यू ऐज पब्लिक स्कूल समेत अन्य स्कूलों के करीब पांच हजार से ज्यादा बच्चे।