मसवासी (रामपुर)। नगर पंचायत में मुरादाबाद-बाजपुर मार्ग चौराहे तक बिना टेंडर निकाले नाले के खोदाई करने पर लोग भड़क गए और नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि नगर पंचायत प्रशासन ने पहले भी नाले की खोदाई कराई थी, लेकिन नाले का निर्माण नहीं कराया गया। चेतावनी दी कि डीएम से मामले की शिकायत करेंगे।
नगर पंचायत प्रशासन नगर में मुरादाबाद बाजपुर मार्ग चौराहे तक नाला खोदाई का काम करा रहा है। मंगलवार को नगर के लोगों ने पंचायत प्रशासन पर बिना टेंडर निकाले नाला खोदाई का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। इसके बावजूद भी नाला खोदाई का काम जारी रहा। इससे गुस्साए लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
आरोप है कि नगर पंचायत प्रशासन ने पहले भी नाला निर्माण के लिए सड़क किनारे गड्ढे करके छोड़ दिया था, लेकिन नाले का निर्माण नहीं कराया था। नाले के लिए खोदे गए गड्ढे ने गिरकर कई राहगीर चोटिल हुए थे। कहा कि नगर पंचायत ने बिना टेंडर निकाले नाला निर्माण के लिए खोदाई शुरू की है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि पंचायत प्रशासन नियमानुसार नाला निर्माण के लिए प्रस्ताव पास कर टेंडर निकालने के बाद नाले का निर्माण शुरू कराए। प्रदर्शन करने वालों में मोहम्मद यूसुफ, मेहंदी हसन, शौकीन, कुलदीप, रंगीला, इस्लाम, मोहम्मद कादिर, गुलशेर, नावेद, कौसर जहां और साहिबा नूर आदि शामिल रहे। वहीं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि पानी की निकासी के लिए नाला निर्माण की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही नाले का निर्माण कराया जाएगा।