स्वार। दुकानदारों द्वारा प्रशासन द्वारा निर्धारित नंबर सिस्टम के आधार पर दुकान न खोलकर रोजाना दुकान खोलने की शिकायत पर छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान शिकायत सही पाई गई, जिस पर दुकान स्वामियों से 7400 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
अनलॉक के तहत प्रशासन ने दुकानदारों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए नंबर सिस्टम के साथ दुकानें खोलने के निर्देश दिए हैं। लेकिन अब कुछ दुकानदारों ने अपने नंबरों को छोड़कर प्रतिदिन दुकानें खोलना शुरू कर दी हैं। जिस पर अन्य कई दुकानदारों ने एतराज जताते हुए मामले की शिकायत उपजिलाधिकारी राकेश गुप्ता से की। शिकायकर्ताओं ने सभी दुकानदारों से नंबर सिस्टम का पालन कराने की अपील की। जिस पर तहसीलदार रणविजय सिंह ने कोतवाल आरएस बघेल और पालिका कर्मियों को साथ लेकर दुकानों पर छापामार कार्रवाई की। जिससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। इस दौरान नंबर सिस्टम का उल्लंघन कर खुली दुकानों के स्वामियों पर जुर्माना डालकर 7400 रुपये की धनराशि वसूल की गई। प्रशासन की कार्रवाई से दिन भर दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा। एसडीएम राकेश गुप्ता ने बताया कि अगर कोई भी दुकानदार नंबर सिस्टम या कोरोना से बचाव के निर्देशों का उल्लंघन करते मिला तो उससे जुर्माना वसूलने के साथ ही कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।