रामपुर। मौसम में लगातार बदलाव से खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों में इजाफा हुआ है। पैथोलॉजी पर जांच कराने वालों की भी भीड़ गई है। बीपी और शुगर की समस्या भी बढ़ने लगी है। सोमवार को कई मरीजों ने बीपी-शुगर की जांच भी कराई है। डॉक्टर ने सावधानी रखने की सलाह दी है।
रविवार देर रात डेढ़ बजे से तेज ठंडी हवाएं और फिर बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। रात में पानी गिरने के बाद सुबह भी बूंदाबांदी होती रही। इस मौसम के बीच मरीजों के लिए समस्या हो गई। वायरल, बुखार की समस्या बढ़ने से खांसी, जुकाम ने भी चपेट में ले लिया। अस्पताल में कम से कम 150 लोग खांसी, जुकाम, बुखार से पीड़ित पहुंचे थे। वहीं बीपी और शुगर की समस्या से ग्रसित मरीज लगभग इतने ही थे।
डॉक्टर के कक्ष तक लाइन लगी रही। यही नहीं आंखों की समस्या, दांतों, महिला संबंधी रोगों के साथ अन्य समस्या से ग्रसित मरीजों की लाइन डॉक्टरों के कक्षों तक लगी रही। दोपहर करीब दो बजे तक 1200 की ओपीडी हो चुकी थी।
वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. दशरथ सिंह ने बताया कि खांसी,जुकाम, बुखार के साथ डीहाईड्रेशन के मरीज भी पहुंच रहे हैँ। इस मौसम में पानी अधिक पीने के साथ बीपी, शुगर के मरीजों को नियमित दवा लेने की सलाह दी है।