जिला महिला अस्पताल में दरोगा और सिपाही ने पत्नी का इलाज कराने आए पति को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। दीवार में सिर मारकर लहूलुहान कर दिया। पुलिस कर्मियों की पिटाई से अस्पताल में अफरातफरी मच गई। अस्पताल की बेंचें भी पलट गईं। लेकिन वहां पर मौजूद भीड़ में से किसी ने भी हिम्मत करके युवक को बचाने की कोशिश नहीं की। युवक के सिर में खून बहता देखकर पुलिस कर्मी वहां से खिसक लिए। बाद में पहुंचे कुछ सिपाहियों ने घायल का उपचार कराया।
कोतवाली थाना क्षेत्र के मौलवी साहब की ज्यारत निवासी हबीब की पत्नी गर्भवती है। तीन दिन पहले उसकी तबीयत खराब होने पर हबीब ने महिला अस्पताल में भर्ती कराया था। शुक्रवार की सुबह हबीब अपनी पत्नी के पास बैठकर फोन पर बात कर रहा था। इस बीच अस्पताल स्टाफ का एक युवक मरीज को दूध देने आया था।
हबीब को फोन में बात करते देखकर उसने मना कर दिया। इसीको लेकर दोनों में गाली-गलौज हो गई। कुछ देर बाद महिला अस्पताल का स्टाफ आया गया। बताते हैं कि कुछ देर बाद एक दरोगा और सिपाही वहां आए। उन्होंने हबीब को वार्ड से खींचकर जमकर धुनाई की। बीमार पत्नी कराहते हुए बचाने को चीखती रही। लेकिन किसी का दिल नहीं पसीजा।
पुलिस वालों ने दीवार में लगी टाइल्स पर हबीब का सिर दे मारा तो वहां की टाइल्स भी टूट गई। हबीब के लहूलुहान होता देख पुलिस कर्मी भाग गए। घायल हबीब चीखता रहा। कुछ देर बाद दो-तीन सिपाही आए उन्होंने हबीब का उपचार कराया। मारपीट से अफरातफरी सी मच गई। अस्पताल की बेंचें भी गिर गईं।