दिगंबर जैन समाज की ओर से पयूर्षण पर्व के उपलक्ष्य में नगर में भगवान महावीर की भव्य रथयात्रा निकाली। रथयात्रा में शामिल झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। रथयात्रा का श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। भगवान महावीर का 1008 कलशों से अभिषेक किया गया।
रथयात्रा गुरुवार को मोहल्ला साहूकारा स्थित जैन मदिर से दोपहर 12 बजे शुरू हुई। शुभारंभ समाज के मुख्यमंत्री आदेश जैन और अध्यक्ष नरेश जैन ने धार्मिक ध्वज दिखाकर किया। सबसे आगे घोड़ों पर सवार बच्चे ध्वज लिए चल रहे थे। रथों पर दंपति सवार थे और पालने में सुसज्जित झांकियां सभी का मन मोह रहीं थी।
बैंड मधुर धुन बजाता चल रहा था। रथ पर राजीव जैन, चार इंद्रों के रूप में सुरेश चंद्र जैन, विपुल जैन, पीयूष जैन, प्रकाश चंद्र जैन थे। सारथी सुदीप जैन और कुबेर विनीत जैन बने थे। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर माठखेड़ा रोड स्थित भगवान महावीर नेत्र चिकित्सालय पहुंचकर संपन्न हुई।
अस्पताल परिसर में भगवान महावीर का 1008 कलशों से अभिषेक किया गया। जयमाला की बोली हुई। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। यात्रा में नरेश जैन, आदेश जैन, सुदीप जैन, संदेश जैन, प्रत्यक्ष जैन, अंजना जैन, पीयूष जैन, अरुण जैन, वीरेंद्र जैन, नवीन जैन, विपिन जैन, नीतू जैन, नितिन जैन, अजय जैन, कपिल जैन, शंकुल जैन, संदेश जैन, अमित जैन, नितिन जैन, सुमेर जैन, कुसुम जैन, डॉ. प्रातेश जैन, मोती चंद्र थे।