उप मुख्यमंत्री के शनिवार को रामपुर आगमन के साथ ही अब पनवड़िया पर जर्जर सड़क के गड्ढे भरने शुरू हो गए हैं। इससे क्षेत्रवासियों को काफी राहत मिलेगी।
पनवड़िया रेलवे क्रासिंग ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पिछले कई वर्षों से अधर में पड़ा है। इसी की वजह सड़क भी पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। आलम यह है कि सड़क में गहरे गहरे गड्ढे हो चुके हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। कई बार तो भारी वाहन भी इन गड्ढों में फंस जाते हैं, इससे जाम लग जाता है।
इसके अलावा जर्जर सड़क की वजह से क्षेत्र के दुकानदारों का जीना दुश्वार हो गया है। दिनभर उड़ती धूल से लोग बीमार होने लगे थे। क्षेत्रवासी काफी समय से सड़क का निर्माण कराने की मांग कर रहे थे, लेकिन धनाभाव में रोड का निर्माण नहीं हो पा रहा है। अब 31 मार्च को सामूहिक विवाह समारोह है।
इसमें उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा शिरकत करेंगे। वह समारोह स्थल पर इसी मार्ग से जाएंगे। लिहाजा, उप मुख्यमंत्री के आगमन के चलते अब प्रशासन ने सड़क के गड्ढे भरवाने का काम भी शुरू कर दिया है। शुक्रवार को पूरे दिन सड़क के गड्ढे भरने के लिए लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी और ठेकेदार जुटे रहे। इसको लेकर क्षेत्रीय बाशिंदों ने भी राहत की सांस ली है।