स्टेट बैंक आफ इंडिया के मुख्य गेट के पास चौराहे पर बम रखने की सूचना मिलने के बाद हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। पुलिस को चौराहे पर दो डिब्बे मिले, जिसकी तलाशी ली गई तो पता चला कि उसमें गैस के गुब्बारा में हवा भरने वाली मशीन के पार्ट्स मिले। जिस पर अफसरों ने राहत की सांस ली। पुलिस इसे शरारती तत्वों की हरकतें बरता रही है।
राजद्वारा में स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में नोट बदलने और नोट जमा करने के लिए भीड़ लग रही है। शुक्रवार की शाम को भी भीड़ लगी हुई थी। देर शाम तक यहां पर भीड़ लगी रही। शाम करीब 7.30 बजे पुलिस को किसी ने फोन पर सूचना दी कि मुख्य गेट के पास चौराहे पर दो डिब्बे रखे हुए हैं। इन डिब्बों में बम हो सकता है। इस सूचना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
मामले की सूचना अफसरों को दी गई। सूचना मिलने के बाद एसपी संजीव त्यागी के साथ ही सिटी मजिस्ट्रेट ओमप्रकाश मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए। साथ ही कई थानों की पुलिस को भी बुला लिया गया। पुलिस ने आनन-फानन में चौराहे पर रखे दोनों डिब्बों को पलटना शुरू कर दिया। डिब्बे खोले गए तो उसमें गुब्बारे में भरने वाली हवा की मशीन के पार्ट्स निकले, जिसके बाद पुलिस अफसरों ने राहत की सांस ली। इन डिब्बों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। यहां पर अफरातफरी का माहौल बना रहा।