रामपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में किस्मत आजमाने उतरे प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा आज खुलेगा। दो मई यानी रविवार को मतगणना होगी, जिसके बाद किसे कितने वोट मिले और किसे हार जीत का सामना करना पड़ा, सबकुछ पता चल जाएगा।
रामपुर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत पहले चरण में चुनाव हुआ था। यहां 15 अप्रैल को वोट डाले गए थे। रामपुर की बात की जाए तो यहां ग्राम प्रधान पद के 680 पद हैं, जिसके लिए 6193 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे, जिसके बाद दो प्रत्याशियों का निर्विरोध चयन हो गया। इस तरह चुनावी दंगल में सिर्फ 6191 प्रत्याशी ही चुनाव मैदान में बचे। इसके अलावा जिला पंचायत सदस्यों के 34 पदों के लिए 585 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे थे। क्षेत्र पंचायत सदस्य के 859 पदों के लिए 4259 दावेदारों ने नामांकन कराया था। जिसमें से 16 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के निर्विरोध निर्वाचित हो जाने के बाद 843 पदों पर 4243 प्रत्याशी मैदान में हैं। ग्राम पंचायत सदस्य के 8504 पद के लिए भी 4846 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जबकि, 3735 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। इस तरह चुनावी मैदान में बचे सभी 15865 उम्मीदवारों के चुनाव के लिए मतदान हुआ था, जिसके बाद सभी प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटिकाओं में कैद हो गई थी।
अब रविवार को मतगणना होगी। सुबह आठ बजे से शुरू होने वाली मतगणना कार्य संपन्न होने तक चलेगी। इसमें रामपुर मंडी समिति में चमरौआ एवं सैदनगर विकास खंड के वोट खुलेंगे, जबकि स्वार के वोट सेंट फ्रांसिस स्कूल में खोले जाएंगे। शाहबाद, मिलक एवं बिलासपुर की मतगणना संबंधित मंडी परिसरों में होगी। इसके लिए सुबह छह बजे से मतगणना एजेंटों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। किन्तु, प्रवेश सिर्फ उन्हीं मतगणना एजेंटों को दिया जाएगा, जिनकी मतगणना का नंबर होगा।