इंतजार की घड़ियां खत्म हो गईं। पंचायत चुनाव का डंका बज गया है। जिले में चार चरणों में चुनाव होगा। पहले चरण में चमरौवा और शाहबाद में वोटिंग कराई जाएगी। आखिरी चरण में स्वार में मतदान कराया जाएगा। मतों की गितनी का काम एक नवंबर को एक साथ कराया जाएगा।
पंचायत चुनाव को लेकर लंबे समय से तैयारियां की जा रही थीं। सोमवार को राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश में जिला पंचायत सदस्य एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव कराने की घोषणा कर दी। आयोग ने पूरे प्रदेश में चार चरणों में चुनाव कराने की घोषणा की है।
जिला प्रशासन ने चार चरणों में पंचायत चुनाव कराने का कार्यक्रम पहले ही तय कर लिया था। अब चरणवार कार्यक्रम प्रशासन की ओर से जारी कर दिया गया है। पहले चरण में चमरौवा और शाहबाद में जिला पंचायत के नौ वार्डों में चुनाव कराया जाएगा। पहले चरण के लिए नामांकन 28 और 29 सितंबर को होगा।
30 सितंबर से एक अक्तूबर तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। तीन अक्तूबर को नाम वापसी और चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा। नौ अक्तूबर को मतदान होगा। दूसरे चरण में मिलक के छह वार्डों में एक अक्तूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी और इसके लिए मतदान 13 अक्तूबर को होगा।
तीसरे चरण में बिलासपुर और सैदनगर के आठ वार्डों में 17 अक्तूबर को मतदान होगा। इसके लिए छह अक्तूबर से नामांकन प्रक्रिया कराई जाएगी। चौथे और आखिरी चरण में 29 अक्तूबर को मतदान होगा। इसके लिए छह अक्तूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। सभी वार्डों में वोटों की गिनती प्रदेश भर में एक नवंबर को एक साथ कराई जाएगी।