रामपुर। जिले में एक अक्तूबर से 114 केंद्रों में धान खरीद शुरू होगी। खाद्य एवं रसद विभाग ने इसकी तैयारी पूरी कर ली। इस बार धान के समर्थन मूल्य में मामूली बढ़ोतरी की गई है। कॉमन धान का समर्थन मूल्य 2369 रुपये और ग्रेड ए 2389 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। जिले में धान खरीद एक अक्तूबर से लेकर 31 जनवरी तक होगी।
किसानों को धान बेचने से पहले ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। किसानों को खाद्य व रसद विभाग की वेबसाइट fcs.up.gov.in या मोबाइल ऐप UP KISAN MITRA पर पंजीकरण कराना होगा।
खाद्य व रसद विभाग के मुताबिक किसी भी सहायता या जानकारी के लिए किसान टोल फ्री नंबर 18001800150 नंबर पर कॉल कर सकते हैं।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी प्रिंस ने बताया कि जिले में अभी तक 450 किसान अपना रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि बाट-माप विभाग से कांटे सत्यापित करा लिए गए हैं। जिले में 27 खाद्य विभाग, 35 पीसीयू, 17 यूपीएसएस, चार मंडी, दो एफसीआई और 29 केंद्र पीसीएफ के बनाए गए हैं। जिले को धान खरीद का लक्ष्य 2.22 लाख मीट्रिक टन रखा गया है।
ओटीपी से होगा पंजीकरण
धान खरीद के लिए पंजीकरण प्रारंभ हो गया है। विभाग के मुताबिक धान की बिक्री के लिए ओटीपी आधारित सिंगल पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। किसान मोबाइल पर एसएमएस से मिले ओटीपी को भरकर पंजीकरण करा सकते हैं। किसानों का भुगतान सीधे आधार लिंक्ड बैंक खाते में किया जाएगा। बिचौलियों को रोकने व पारदर्शिता बरतते हुए क्रय केंद्रों पर धान की खरीद ई-पॉप (इलेक्ट्रॉनिक प्वॉइंट ऑफ परचेज) डिवाइस के माध्यम से पहले की भांति किसानों के बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा।