रामपुर। जिले में धान क्रय ने रफ्तार पकड़ ली है। दिवाली से पूर्व तक जिले में लक्ष्य के सापेक्ष करीब साठ फीसदी धान खरीद की जा चुकी थी। धान खरीद के सापेक्ष करीब एक अरब 93 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया जा चुका है।
जिले में एक अक्तूबर से धान क्रय सत्र की शुरुआत की गई थी। इस बार जिले में मौजूदा समय में 141 क्रय केंद्रों पर धान खरीद की प्रक्रिया चल रही है। जिले को 2.40 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य दिया गया है। इसके सापेक्ष जिले में 13 नवंबर तक करीब 1.44 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। जिले में यह खरीद 18594 किसानों से की गई है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी डॉ. अनुपम कुमार निगम ने बताया कि जिले में हुई कुल खरीद में से 13 नवंबर तक 135283 मीट्रिक टन धान राइस मिल को भेजा जा चुका है। शेष धान को राइस मिल पर भेजा जा रहा है। इस धान खरीद का भुगतान करीब 2 अरब 68 करोड़ रुपये बनता है। जिसके सापेक्ष 1 अरब 93 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी ने बताया कि दिवाली के त्योहार के चलते अवकाश में धान खरीद नहीं हुई और इससे पूर्व क्रय किए गए धान को राइस मिल पर नहीं भेजा जा सका। हालांकि क्रय केंद्रों पर अधिक धान नहीं है। अब त्योहार के अवकाश के बाद क्रय किए गए धान को राइस मिल पर भेजा जाना शुरू कर दिया गया है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी ने बताया कि क्रय केंद्र पर यदि किसी किसान को कोई असुविधा हो तो वह टोल फ्री नंबर पर जानकारी दे सकता है।