रामपुर बुशहर। कोरोना संक्रमण से रामपुर उपमंडल में दो लोगों की मौत हो गई है। पहले व्यक्ति की मौत खनेरी अस्पताल, जबकि दूसरी मौत ननखड़ी में हुई है। यह व्यक्ति होम आइसोलेट था। वहीं, बुधवार को उपमंडल में कोविड-19 के 18 मामले सामने आए हैं।
कोरोना महामारी का दौर अभी कब तक चलेगा, इसके बारे में कुछ कहना मुश्किल है। संक्रमण लगातार फैलता जा रहा है। रामपुर उपमंडल भी संक्रमण के लगातार पेश आ रहे मामलों के बाद संक्रमण की दृष्टि से संवेदनशील बन गया है। उपमंडल में रोजाना कोरोना संक्रमितों के दर्जनों मामले सामने आ रहे हैं। बुधवार को को-ऑपरेटिव बैंक तकलेच में 2, पुलिस थाना रामपुर में 2 और रांवी सराहन में 2 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा खनेरी अस्पताल में एक, विद्युत बोर्ड जगातखाना में एक, सीआईएसएफ दत्तनगर में एक, सोबली में एक, कल्याणपुर में एक, कोछड़ी में एक, थैली ननखड़ी में एक, रंदल निरमंड में एक, निरमंड में एक, भड़ावली में एक और ननखड़ी के ऐरली में भी एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन ने बताया कि बुधवार को कोरोना संक्रमित दो मरीजों को मौत हो गई है। पहली मौत खनेरी अस्पताल, जबकि दूसरी मौत ननखड़ी में हुई है। बुधवार को 18 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने कहा कि संक्रमण से बचने का एकमात्र उपाय सावधानी बरतना है। लोग भीड़ वाले स्थानों में जाने से बचें। मास्क पहनें, सोशल डिस्टेंस बनाए रखें और सुरक्षा मानकों की पालना करें।