नए रोडवेज बस अड्डे के पास नैनीताल रोड तिराहे पर बन रहा फुट ओवरब्रिज हाईटेंशन लाइन के कारण अधर में लटक गया है। लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी राहगीर इसका फायदा नहीं उठा सकेंगे। निर्माण कराने वाले कांट्रेक्टर ने फुट ओवरब्रिज बनाने से पहले हाईटेंशन लाइन पर ध्यान नहीं दिया, जिससे लाखों रुपये फंस गए हैं।
नए बस अड्डे के पास हाईवे क्रास करने के लिए नगर पालिका की ओर से फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा था। दिसंबर माह में फुट ओवरब्रिज का निर्माण चुनाव आचार संहिता लगने से पहले-पहले बहुत तेजी के साथ शुरू हुआ, शहर में पहाड़ी गेट पर तो फुट ओवरब्रिज बनकर तैयार हो गया, लेकिन रोडवेज के पास का फुट ओवरब्रिज अधर में लटक गया है। यहां दोनों तरफ हाईटेंशन लाइन आड़े आ रही है।
निर्माण कंपनी ने काम शुरू करने से पहले हाईटेंशन लाइन का कोई जिक्र नहीं किया। बिजली विभाग को भी इसकी सूचना नहीं दी। जिस तेजी के साथ काम शुरू हुआ, फिर भी फुट ओवरब्रिज पूरा नहीं हो सका। अधबने फुट ओवर ब्रिज की सीढ़ियां बनकर तैयार हैं, अगर कोई चढ़ गया तो हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ सकता है।
उधर, इस बारे में ईओ संतोष कुमार का कहना है कि निर्माण एजेंसी से जानकारी ली जाएगी, ओवरब्रिज का निर्माण अधर में क्यों छोड़ दिया है। यदि हाईटेंशन लाइन आड़े आ रही है तो उसे ऊंचा करने के लिए बिजली विभाग से पत्राचार किया जाएगा।