मिलक खानम। नवाबनगर गांव के जंगल में बिना अनुमति आम के लगभग सौ पेड़ों की छंटाई कराने के मामले में वन विभाग ने परमजीत सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
रेंजर ठाकुर विजय कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात नवाबनगर गांव के जंगल में स्थित आम के बाग में अवैध रूप से पेड़ों की शाखाओं की छंटाई कर कई लाख रुपये की लकड़ी रातों-रात बाहर निकालकर बेच दी गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां लकड़ी गायब मिली और केवल पत्तियां व टहनियां पड़ी हुई थीं।
इस मामले में आरोपी परमजीत सिंह निवासी नवाबनगर का कहना है कि उसने पेड़ों की छंटाई के लिए अनुमति का आवेदन किया था, लेकिन अनुमति मिलने से पहले ही बाग की छंटाई करा दी गई। रेंजर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम की संबंधित धाराओं में वन अपराध दर्ज कर लिया गया है। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।