चौपाल(रोहडू़)। चौपाल में कोरोना संक्रमण एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि 25 नए मामले सामने आए हैं। इससे क्षेत्र में संक्रमण के सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 282 हो गई है जबकि अभी तक चार लोग दम तोड़ चुके हैं।
जानकारी के अनुसार चांजू क्षेत्र के बुजुर्ग को सिविल अस्पताल चौपाल में उपचार के लिए लाया गया था। मगर यहां जांच करने पर उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। यहां ऑक्सीजन का स्तर गिरने पर उन्हें आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया था। मगर कुफरी के पास रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। उपमंडल चौपाल में कोरोना वायरस के विश्वव्यापी संक्रमण से बचाव के लिए प्रशासन दिन-रात काम कर रहा है। बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाना, घरों में आइसोलेट मरीजों को समय-समय पर सुविधा उपलब्ध करवाना।
लॉकडाउन के पालन के लिए लोगों को जागरूक करना है। इसके बावजूद संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। उपमंडल चौपाल में करीब 282 कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ चुके है। बीते तीन तीन में 70 कोरोना के नए मामले सामने आ चुके हैं। एसडीएम नरेंद्र चौहान, तहसीलदार उमेश शर्मा, डीएसपी राजकुमार, एसएचओ रविन्ंद्र लाल सहित सभी अधिकारी दिन-रात संक्रमण रोकने के लिए सरकार के जारी नियमों को लागू करने में लगे हैं।
नियमों की अवहेलना पर गाड़ी होगी जब्त : एसडीएम
कर्फ्यू में लचीलापन प्रशासन के लिए सर दर्द बन चुका है। हर कोई व्यक्ति अपने वाहन को सड़कों पर घुमा रहा है। किसी ने गाड़ी में खाली सिलिंडर रखकर गैस भरवाने का बहाना तो कोई किसी काम का बहाना बनाकर घूम रहा है। बीते पुलिस चौबीस घंटे जगह-जगह नाका लगाकर गाड़ियां रोकी जा रही है।
लोग कोई न कोई बहाना बनाकर गाड़ियां दौड़ा रहे हैं। पुलिस ने कोविड नियमों के उल्लंघन करने वाले चार गाड़ियों के चालान भी किए। कोरोना चेन तोड़ने का कोई सफल प्रयास नहीं हो रहा है। एसडीएम नरेंद्र चौहान ने कहा कि निजी गाड़ियों का इस्तेमाल मात्र मरीजों को लाने और ले जाने के लिए किया जा सकता है। उन्होंने सभी निजी वाहन मालिकों को सख्त चेतावनी दी कि मेडिकल इमरजेंसी के अलावा कोई भी निजी वाहन सड़क पर मिला तो उसे जब्त किया जाएगा।