शाहबाद। भाभी के सड़क हादसे में घायल होने की सूचना मिलने पर दूसरी स्कॉर्पियो लेकर मौके की ओर दौड़े देवर की गाड़ी रास्ते में दूसरी स्कॉर्पियो से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो कई पलटे खाकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में देवर को हल्की चोटें आई हैं। वही, घायल भाभी पूजा (36) की उपचार के दौरान मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार क्षेत्र के शनिवार शाम करीब पांच बजे मंगोली निवासी महिपाल की पत्नी पूजा घर से कूड़ा डालकर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान सड़क पार करते समय एक अज्ञात ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी और चालक मौके से भाग गया। हादसे में महिला का पैर गंभीर रूप से कुचल गया था। घटना की सूचना जब पूजा के देवर राजवीर को मिली, देवर राजवीर उस समय गाड़ियों की धुलाई करने वाले प्रेशर प्वाइंट पर काम कर रहा था, तो वह आनन-फानन में सर्राफा व्यापारी राहुल रस्तोगी की स्कॉर्पियो लेकर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक राजवीर तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था।
इसी दौरान मंगोली स्थित शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज के सामने उसकी स्कॉर्पियो सामने से आ रही दूसरी स्कॉर्पियो से टकरा गई। टक्कर के बाद गाड़ी कई पलटे खाकर सड़क किनारे जा गिरी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उधर, घायल पूजा को स्थानीय लोगों की मदद से सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक उपचार के दौरान पूजा की मौत हो गई।
इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। कोतवाल प्रदीप कुमार ने बताया कि घटना घायल महिला की मौत हो गई है और शव पोस्टमार्टम को भेजा जा रहा है।
-
दुर्घटना का वीडियो हो रहा है वायरल
मंगोली पर दो स्कॉर्पियो के टकराने और कई पलटे खाने का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। संवाद