दढ़ियाल। सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे बुजुर्ग को तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी, जिससे बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। पिकअप में सवार राजस्थान के एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए।
हादसा बुधवार सुबह करीब 11 बजे काशीपुर मार्ग पर ग्राम रामपुर धम्मन के पास हुआ। ग्राम पर्वतपुर निवासी विजय पाल सिंह (65) काशीपुर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे, तभी दढ़ियाल की ओर से आ रही पिकअप ने कार से बचाने के प्रयास में उन्हें टक्कर मार दी और खाई में पलट गई।
पिकअप में सवार राजस्थान के अलवर जिले के खैरतल गांव निवासी ललिता, रोहित और सनाया घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को पिकअप से बाहर निकाला और टांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। विजय पाल सिंह को निजी वाहन से काशीपुर के कृष्णा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिकअप चालक पवन भी राजस्थान के गांव खैरतल का रहने वाला है। वह अपने परिवार सहित काशीपुर के चैती मेले में खिलौने बेचने जा रहा था। उनके साथ ललिता, काजल, रोहित, जिया, सयाना और महक शामिल थे। पुलिस के अनुसार आगे चल रही कार ने अचानक ब्रेक लगाया, जिसे बचाने की कोशिश में पिकअप अनियंत्रित हो गई ।
मृतक विजय पाल सिंह के परिवार में दो बेटे और एक बेटी है। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सीओ टांडा कीर्ति निधि आनंद ने बताया कि परिजन कोई कार्रवाई नहीं चाहते। शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। शव परिजनों को सौंप दिया है।