बिलासपुर/शाहबाद (रामपुर)। जिले में अब गेहूं क्रय केंद्रों पर 22 जून तक खरीद हो सकेगी। वहीं मंगलवार को गेहूं क्रय केंद्रों के संचालन का अंतिम दिन होने की जानकारी पर तमाम किसान क्रय केंद्रों पर गेहूं लेकर पहुंचे। जिले में अब तक एक लाख 32 हजार 638 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है।
जिले में एक अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू की गई थी। जिसमें गेहूं खरीद के लिए बनाए गए 124 क्रय केंद्रों में से 123 क्रय केंद्र संचालित हुए। जिले में सोमवार शाम तक कुल एक लाख 32 हजार 638 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। जिसके सापेक्ष एक लाख 32 हजार मीट्रिक टन गेहूं गोदामों में भंडारित कराया जा चुका है। मंगलवार को पूर्व में तय समयसीमा के अनुसार क्रय केंद्रों पर तौल का अंतिम दिन था। जिस कारण बिलासपुर और शाहबाद में तमाम किसान क्रय केंद्रों पर गेहूं लेकर पहुंचे। हालांकि शाम को शासन ने गेहूं क्रय केंद्रों पर तौल 22 जून तक बढ़ाए जाने के आदेश जारी कर दिए हैं। जिसके बाद जिले में अब एक सप्ताह और क्रय केंद्रों पर गेहूं लिया जाएगा। गेहूं क्रय केंद्रों का संचालन का समय बढ़ाए जाने को लेकर किसान संगठन मांग भी कर रहे थे।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी डॉ. अनुपम कुमार निगम ने बताया कि जिले में सोमवार 14 जून तक एक लाख 32 हजार 638 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। जिसके सापेक्ष 1.32 लाख मीट्रिक टन गेहूं गोदामों में भिजवा दिया गया है। जिले में बिलासपुर, धमोरा और रामपुर मंडी में गोदामों में गेहूं भंडारित किया जा रहा है। इसके साथ ही शाहबाद क्षेत्र का गेहूं मुरादाबाद के डींगरपुर स्थित गोदाम पर भेजा जा रहा है। जिले में सोमवार तक दो अरब 61 करोड़ 96 लाख रुपये के भुगतान के सापेक्ष दो अरब 34 करोड़ 98 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। जिले में अब तक 22,582 किसानों को गेहूं का भुगतान किया गया है।