भोट। नए कृषि कानूनों की वापसी की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन का धरना 19वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान धरना स्थल पर बैठे भाकियू पदाधिकारियों ने लंबी अवधि तक धरना चलाने व सफल बनाने के लिए रणनीति बनाई, जिसमें तहसीलवार कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी। इस दौरान केन्द्र सरकार को किसान विरोधी बताते हुए विरोध प्रदर्शन भी किया गया। कृषि कानूनों के विरोध में किसान 19 दिनों से कोयला टोल प्लाजा पर डटे हैं। मंगलवार को भी किसानों का आंदोलन जारी रहा। किसानों ने अनिश्चितकालीन धरने के लंबी अवधि तक चलने की संभावनाओं के मद्देनजर धरने को सफल बनाने पर विचार विमर्श किया। धरने का नेतृत्व कर रहे मंडल उपाध्यक्ष मोहम्मद तालिब ने कहा कि सरकार को किसानों की चिंता नहीं है, इसलिए किसान भी हार मानने वाले नहीं हैं। ऐसे में कानून वापसी तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने आंदोलन की सफलता के लिए तहसीलवार रणनीति तैयार की और कहा कि धरने में हर दिन अलग-अलग तहसील से कार्यकर्ता आएंगे। इस दौरान सभी तहसील अध्यक्षों को जिम्मेदारी भी सौंपी गई। धरने में अब्दुल मुस्तफा, इरफान हसन, छिद्दा नेता, नदीम अहमद, खलील अहमद, रिजवान, इश्तकार हुसैन, मोहम्मद आसिफ, सतनाम सिंह, मुनव्वर अली, गुरमीत सिंह आदि मौजूद रहे।