नोटिस चप्सा करने गयी टीम से नोकझोंक कर रही महिलाओ को रोकती महिला पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
हाईकोर्ट के आदेश के बाद पुलिस व प्रशासनिक अफसरों की मौजूदगी में रजा टेक्सटाइल्स की जमीन पर हुए अवैध कब्जों को हटवाने की कवायद शुरू कर दी गई है। इस दौरान नोटिस देने पहुंची टीम को देखकर लोग भड़क गए और घेरकर जमकर हंगामा भी किया। फोर्स की मौजूदगी देखकर लोग पीछे हट गए। प्रशासन ने सभी अवैध कब्जेदारों को नौ जनवरी तक कब्जे हटाने का अल्टीमेटम देते हुए नोटिस थमाया है। इस कार्रवाई से कालोनी के लोगों में खलबली मची रही।
रजा टेक्सटाइल्स के करीब दो सौ से ज्यादा मकानों पर अवैध तरीके से कब्जे हैं,जिसकी शिकायत हाईकोर्ट में की गई थी। हाईकोर्ट ने पिछले माह एक आदेश जारी करते हुए टेक्सटाइल्स की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों को बेदखल करने के आदेश प्रशासन को दिए थे। हाईकोर्ट के आदेश के बाद पिछले दिनों हाईकोर्ट की लिक्वेडेटर की टीम ने भी मौके पर पहुंच कर सर्वे किया था। उस वक्त भी अफसरों ने दस जनवरी तक अवैध कब्जे हटाने का वक्त दिया गया था।
शनिवार को प्रशासन ने हाईकोर्ट के आदेश पर अवैध कब्जों को हटवाने की कवायद शुरू कर दी। इसके तहत शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट ओमप्रकाश व तहसीलदार हामिद हुसैन के नेतृत्व में भारी पुलिस बल शनिवार को रजा टेक्सटाइल्स पहुंचा। कालोनी में फोर्स के संग अफसरों के पहुंचने के बाद खलबली मच गई। टीम ने यहां पर टेक्सटाइल्स कालोनी, सीओडी कालोनी में करीब डेढ़ सौ लोगों को नोटिस चस्पा किया। इस दौरान लोगों ने हंगामा किया।
लोगों का कहना था कि उनके बकाया का भुगतान नहीं हुआ है ऐसे में वह केसे मकान खाली कर दें। अफसरों ने हाईकोर्ट के आदेश का हवाला दिया। अफसरों ने साफ किया है कि हाईकोर्ट का आदेश है इसलिए इसका कड़ाई से पालन कराया जाएगा। अफसरों ने हंगामा कर रहे लोगों को किसी तरह शांत किया। लोगों का कहना था कि कालोनी के कुछ लोग जानबूझकर लोगों से रुपये लेकर अवैध कब्जे करा देते हैं। अब उनसे मकान खाली कराया जा रहा है।