जिला अस्पताल में हंगामा के बाद कोतवाली में शिकायत दर्ज कराती महिला
- फोटो : अमर उजाला
एक कलयुगी पिता ने दो दिन पहले जन्मी अपनी नवजात बेटी को दूसरे के हाथ बेच दिया। 15 हजार रुपये में सौदा करने के बाद रात के वक्त ही नवजात को महिला अस्पताल से दूसरे के सुपुर्द भी कर दिया गया। सुबह जब बैड से बच्ची गायब पाई तो उसकी मां ने हंगामा खड़ा कर दिया तो पिता द्वारा किए गए इस खेल का खुलासा हो गया। मामले की जानकारी पाकर पुल्सि भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने महिला अस्पताल की मदद से वापस बच्ची को उसकी मां के हवाले कर दिया। पुलिस ने फिलहाल इस मामले में समझौता करा दिया।
नवजात बेटी को बेचे जाने का यह मामला महिला अस्पताल से जुड़ा हुआ है। यहां पर अजीमनगर थाना क्षेत्र के रतनपुरा शुमाली गांव निवासी नबी अहमद की पत्नी जेहरा जिला महिला अस्पताल में भर्ती है। जेहरा के दो दिन पहले प्रसव हुआ था। उसने बेटी को जन्म दिया था। दो दिन की बेटी शनिवार की सुबह उसके बैड से गायब थी,जिसके बाद उसने हंगामा शुरू कर दिया। महिला के परिजन भी आ गए। उसने हंगामा किया तो पूरा स्टाफ सामने आ गया। उसने बच्ची के गायब होने पर स्टाफ व एक एएनएम को आरोपी बताने लगी।
बाद में पता चला कि उसकी बेटी को कोई और ने नहीं बल्कि उसके पति ने ही गायब किया है। पूछताछ के बाद यह सामने आया कि नबी अहमद ने ही अपनी बेटी को 15 हजार रुपये में किसी नदीम खां और उनकी पत्नी शबीना को दे दिया। महिला के हंगामे और इस प्रकरण का खुलासा होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस की मदद से बच्ची को वापस जेहरा को सौंप दिया। इस बीच पुलिस नबी अहमद व नदीम को थाने ले गई,जहां जेहरा ने किसी भी तरह की कार्रवाई करने से इंकार कर दिया,जिसके बाद मामले को रफा दफा कर दिया गया।