रामपुर। लोकसभा उपचुनाव में भले ही भारतीय जनता पार्टी की जीत हुई हो, लेकिन संयुक्त समाजवादी पार्टी समेत चार निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में थे, जिन्हें नोटा से भी कम वोट मिले। रामपुर में नोटा तीसरे स्थान पर रहा।
रामपुर लोकसभा उपचुनाव से कांग्रेस और बसपा दोनों ही पार्टियों ने अपने-अपने प्रत्याशी उतारने से मना कर दिया था। इसके बाद चुनावी मैदान में भाजपा और सपा की टक्कर थी। हालांकि संयुक्त समाजवादी दल के साथ ही तीन अन्य निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में रहे। रविवार को जब मतगणना हुई, तो निर्दलीय और संयुक्त समाजवादी दल के प्रत्याशी से अधिक वोट नोटा पर निकले। भाजपा और सपा के प्रत्याशियों को छोड़ दिया जाए तो कोई भी पांच अंकों में वोट नहीं ला सका। नोटा 4450 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। संयुक्त समाजवादी दल के हरिप्रकाश आर्य को 4130, निर्दलीय कपिल मुनि को 2707, शिवप्रसाद को 1881 और इम्तियाज उर रहमान को 1254 वोट मिले हैं।