रामपुर। कोरोना संक्रमण से राहत भरी खबर सामने आई है। जिले में एक सप्ताह भर बाद सक्रिय मामले शून्य हो गए हैं। तीसरी लहर में आखिरी बार संक्रमित की पुष्टि 27 मार्च को हुई थी। वहीं, पहला मामला 19 दिसंबर को सामने आया था। इसके बाद सबसे अधिक 2805 मामले जनवरी माह में सामने आए थे, जबकि इस लहर में कुल 2968 मामले सामने आ चुके हैं।
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी की गई कोरोना संक्रमण संबंधी रिपोर्ट में जनपद में सक्रिय मामले शून्य दर्शाए गए हैं। जिले में इस लहर में कोरोना संक्रमण का पहला मामला 19 दिसंबर को सामने आया था। इसके बाद से कई बार संक्रमितों का आंकड़ा दहाई से नीचे तो पहुंचा लेकिन,15 मार्च को सक्रिय मामले शून्य हो गए थे। इसके बाद लगातार राहत का सिलसिला चला तो एक बार फिर 27 मार्च को एक बार फिर कोरोना संक्रमण का मामला सामने आया। वहीं, अब शनिवार को आई रिपोर्ट में सक्रिय मामले शून्य हो गए है। शनिवार को आई रिपोर्ट के बाद जिले में इस लहर में अब तक कुल 2968 मामले सामने आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस लहर में पोर्टल पर अब तक पांच लोगों की मौत अपलोड की जा चुकी हैं।