रामपुर। नजूल की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और निर्माण के मामले में दर्ज एफआईआर के बावजूद अभी तक आरोप पत्र दाखिल नहीं हो सका है। इसको लेकर शिकायतकर्ता ने एडीजी से शिकायत की है।
मोहल्ला मदरसा कोना निवासी शिकायतकर्ता अहमद सईद ने बताया कि कुछ लोगों ने फर्जी वसीयत के आधार पर नगर पालिका की नजूल भूमि पर अवैध कब्जा और निर्माण कर उसे गैर सरकारी लोगों को बेचने का प्रयास किया था।
शिकायत के बाद डीएम के आदेश पर 28 अप्रैल 2025 को अवैध निर्माण ध्वस्त कराकर सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त कराया गया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि इसके बाद आरोपी और अन्य के खिलाफ 7 मई 2026 को कोतवाली नगर में एफआईआर दर्ज कराई गई।
आरोप है कि इसके बावजूद अब तक विवेचना पूरी कर न्यायालय में चार्जशीट दाखिल नहीं की गई है। अहमद सईद ने एडीजी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि आरोपी संगठित रूप से भूमाफिया गिरोह चला रहे हैं और नगर पालिका की भूमि को दोबारा हासिल करने का प्रयास कर सकते हैं। आरोप है कि उन्हें और उनके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने तथा जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली नगर पुलिस को जल्द से जल्द विवेचना पूरी कर आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल करने के निर्देश देने की मांग की है।