हाईवे पर हादसे में घायल हुए छात्र को तड़पता छोड़कर भागे एंबुलेंस चालक के खिलाफ कार्रवाई को लेकर स्वास्थ्य विभाग गंभीर नहीं है। कार्रवाई के नाम पर जांच कराने की तो बात हो रही है, लेकिन जांच कौन करेगा इसके बारे में कोई बात नहीं कही जा रही है। हालांकि, स्वास्थ्य मामले में कार्रवाई 108 में लगी एजेंसी पर टाल रहे हैं।
घायलों को सही समय पर इलाज मिले, इसके लिए सरकार की ओर से 108 एंबुलेंस लगाई गई है। मगर, एंबुलेंस कर्मियों की मनमानी सरकार की मंशा पर पानी फेर रही है। चालकों की संवेदनहीनता का ताजा मामला सिविल लाइंस क्षेत्र का है। क्षेत्र के टैक्सी स्टैंड रोड निवासी संजय यादव का बेटा आयुष यादव (17) महर्षि विद्या मंदिर इंटर काॅलेज में कक्षा 11 में पढ़ता था। 24 फरवरी को रेडिको खेतान फैक्ट्री के सामने रोडवेज बस ने उसकी स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दी थी, जिससे वह घायल हो गया था। करीब आधे घंटे तक आयुष सड़क पर ही तड़पता रहा था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भिजवाने के लिए 108 एंबुलेंस को बुलवाया। एंबुलेंस आई भी थी, लेकिन यहां से घूमती हुई वापस चली गई थी। पुलिस ने एंबुलेंस को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वह घायल को लेकर नहीं गई। इस पर पुलिस ने घायल को दूसरे वाहन से जिला अस्पताल भिजवाया था, लेकिन तब तक आयुष की मौत हो चुकी थी।
सिविल लाइंस थाना प्रभारी संजीव कुमार ने एंबुलेंस चालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए 108 एंबुलेंस के मुख्यालय लखनऊ में शिकायत दर्ज कराई। लेकिन, तीन बाद भी एंबुलेंस चालक के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। सीएमओ डाॅ. एसपी सिंह ने बताया कि एंबुलेंस चालकों की लापरवाही की बात सामने आई है। इसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में 108 एंबुलेंस की सेवा देने वाली एजेंसी ही कार्रवाई करेगी।