रामपुर के आखिरी नवाब रजा अली खां की कोठी खासबाग। नवाब की संपत्ति के विभाजन की प्रक्रिया चल रही है?
- फोटो : RAMPUR
रामपुर। रामपुर के आखिरी नवाब रजा अली खां की अचल संपत्ति में शामिल कोठी खासबाग की कागजों में दर्ज लगभग सवा अरब की जमीन गायब हो गई। दस्तावेजों के मुताबिक किया गया मिलान तो यही कह रहा है कि 50 एकड़ जमीन मौके पर नहीं मिली है। नवाब की संपत्ति के बंटवारे के प्रक्रिया के तहत जो वाद दायर किया गया था उसमें कोठी खासबाग में लगभग 400 एकड़ जमीन होने की बात कही गई है। सर्वे के दौरान मौके पर 350 एकड़ जमीन ही मिली। एडवोकेट कमिश्नर और राजस्व विभाग के कर्मचारी पुराने दस्तावेजों को खंगालकर इस सवाल का जवाब खोजने की कोशिश कर रहे हैं।
रामपुर के आखिरी नवाब रजा अली खां की संपत्ति का विभाजन उनके वारिसों के बीच शरीयत कानून के हिसाब के किया जाना है। इसको लेकर सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दे रखा है। विभाजन की प्रक्रिया 31 दिसंबर 2020 तक पूरी की जानी है। संपत्ति विभाजन की प्रक्रिया जिला जज की कोर्ट की देखरेख में पूरी कराई जा रही है। इसके लिए नवाब की चल और अचल संपत्ति का मूल्यांकन किया जा रहा है। नवाब की चल और अचल संपत्ति में शामिल चार संपत्तियों का मूल्यांकन किया जा चुका है। अब सिर्फ कोठीखास की जमीन का मूल्यांकन शेष रह गया है।
संपत्ति के विभाजन के लिए कोर्ट में जो वाद दायर किया गया था उसमें कोठी खासबाग की कुल जमीन लगभग 400 एकड़ बताई गई है, लेकिन सर्वे के दौरान 350 एकड़ जमीन ही मिल रही है। इस क्षेत्र में यू तो बाजार भाव ज्यादा है पर यदि सर्किल रेट का औसत आधार छह से साढ़े छह हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर भी माना जाए तो गायब हुई इस 50 एकड़ जमीन का दाम सवा अरब रुपये से भी ज्यादा है। इसी वजह से मूल्यांकन की रिपोर्ट अभी तक कोर्ट में दाखिल नहीं की गई है। नवाब की कोठी खासबाग की 50 एकड़ जमीन कहां गई, इस सवाल का जवाब तलाशने के लिए एडवोकेट कमिश्नर और राजस्व विभाग के कर्मी पुराने दस्तावेज तलाशने में लगे हैं। एडवोकेट कमिश्नर अरुण प्रकाश सक्सेना का कहना है कि कोठी खासबाग की जितनी जमीन बताई जा रही है मौके पर उतनी जमीन नहीं है। इस वजह से मूल्यांकन की रिपोर्ट अभी कोर्ट में दाखिल नहीं की जा सकी है। इसके लिए पुराने दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।
संपत्ति विभाजन के प्रक्रिया की सुनवाई अब पांच को
रामपुर। रामपुर के आखिरी नवाब की संपत्ति विभाजन की प्रक्रिया की अगली सुनवाई अब पांच नवंबर को होगी। सोमवार को इस मामले की सुनवाई थी, लेकिन कोठी खासबाग के मूल्यांकन से संबंधित रिपोर्ट दाखिल नहीं की जा सकी। लिहाजा इस मामले में अगली सुनवाई के लिए पांच नवंबर की तिथि तय की गई है।
पानी की टंकी की रिपोर्ट भी नहीं आई
रामपुर। नवाब की अचल संपत्ति में शामिल कोठीखास बाग के धोबीघाट इलाके में मौजूद रिसायतकालीन पानी की टंकी की रिपोर्ट जल निगम से तलब की गई थी। यह रिपोर्ट अभी तक उपलब्ध नहीं कराई गई है। एडवोकेट कमिश्नर अरुण प्रकाश सक्सेना ने बताया कि पानी की टंकी के मूल्यांकन से संबंधित रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।