पुलिस ने उस पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था। आरोपी मुरादाबाद निवासी बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसपी संजीव त्यागी ने बताया कि लाखों की ठगी करने के मामले में मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र की एकता विहार कालोनी निवासी मलिक जावेद अख्तर पुत्र शदरुद्दीन को गिरफ्तार किया गया है। मलिक जावेद मूल रूप से बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र के इगरा गांव का रहने वाला है।
उसने वर्ष 2007 में सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सुपर मार्केट में अनस सिक्योरिटीज इंवेस्टमेंट कंपनी खोली थी। इसमें उसका साथ परवेज ने दिया था। जावेद अख्तर ने इस कंपनी का क्षेत्रीय कार्यालय मुरादाबाद के लाजपतनगर में बनाया था। वर्ष 2007 में कुछ माह काम करने के बाद अचानक कंपनी के दफ्तर पर ताला लग गया। कंपनी शेयर मार्केट में धन लगाने का काम करती थी।
कंपनी का दावा था कि इस कंपनी में पैसा लगाने से धन दोगुना हो जाएगा। लोगों ने उस वक्त काफी धन लगाया। धन दोगुना करने का झांसा देकर कंपनी ने लाखों रुपये हड़प लिए और फिर कंपनी फरार हो गई। उस वक्त सिविल लाइंस थाने में गंज थाना क्षेत्र के मुहल्ला इमली झूले वाली निवासी इंजल बिलाल शमसी ने मामले की रिपोर्ट मलिक जावेद के साथ ही परवेज के खिलाफ भी दर्ज हुई थी।
पुलिस ने शनिवार को इसे गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी परवेज अभी फरार है। एसपी ने बताया कि मलिक जावेद अख्तर रिपोर्ट दर्ज होने के पहले तक मुरादाबाद में ही रह रहा था। इसके बाद वह कई और शहरों में नाम बदलकर नाम रहने लगा। फिलहाल, वह देहरादून में रह रहा था। एसपी ने बताया कि इस मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है।