रामपुर। प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री की सूचना पर नारकोटिक्स विभाग की टीम ने औषधि विभाग की टीम के साथ मिलकर दवा के थोक विक्रेता की दुकान और गोदाम पर छापेमारी की। टीम ने यहां से करीब 25 लाख रुपये की प्रतिबंधित नशीली दवाओं को बरामद किया है। टीम ने अवैध रूप से चलाए जा रहे गोदाम को भी सील कर दिया है। साथ ही दवा विक्रेता का लैपटॉप और मोबाइल भी जब्त कर लिया है। छापे की कार्रवाई देर शाम तक जारी है।
रामपुर में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री की जा रही है। इस सूचना के आधार पर नारकोटिक्स विभाग की दिल्ली शाखा की एक टीम अधीक्षक एसके सिंह व मंडलीय सहायक आयुक्त औषधि मनु शंकर के नेतृत्व में शुक्रवार की रात सिविल लाइंस क्षेत्र में रोशनबाग स्थित खंडेलवाल सर्जिकल एंड मेडिकोज की दुकान पर पहुंची। टीम ने यहां पर छापेमारी करते हुए दवा विक्रेता नुकुल जैन से पूछताछ भी की। प्रतिबंधित नशीली दवाओं का जखीरा बरामद कर लिया। टीम को सूचना मिली थी कि दवा विक्रेता द्वारा अवैध तरीके से गोदाम में भी दवाएं रखी जाती हैं। टीम ने गोदाम से भी लाखों रुपये की प्रतिबंधित नशीली दवाओं को बरामद कर लिया। यहां पर भारी संख्या में दवाओं के मिलने के बाद खलबली मच गई। करीब चौबीस घंटे से चल रही यह कार्रवाई शनिवार देर शाम तक जारी थी। टीम ने इस दौरान से दवा विक्रेता का लैपटॉप व मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। अफसरों के अनुसार यहां पर करीब 25 लाख रुपये की प्रतिबंधित दवाओं को जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई से खलबली मच गई है।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
नारकोटिक्स विभाग के अधीक्षक एसके सिंह, इंस्पेक्टर गौरव कुमार के साथ ही मंडलीय सहायक आयुक्त औषधि मनु शंकर, औषधि निरीक्षक मुरादाबाद उर्मिला वर्मा, रामपुर के डीआई मुकेश कुमार के साथ ही संभल समेत मंडल के अन्य औषधि निरीक्षकों के साथ ही अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
ये दवाएं की गईं बरामद
फेंटानिल, फेंटाजोसिन, कैंपामिन इंजेक्शन, ट्राम डोल इंजेक्शन समेत अन्य प्रतिबंधित दवाएं। जिनकी कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।
-
प्रतिबंधित नशीली दवाओं को बेचने की शिकायत पर नारकोटिक्स व औषधि विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से रोशनबाग में दवा विक्रेता के यहां कार्रवाई की है। यहां से लाखों रुपये की प्रतिबंधित दवाओं को बरामद किया गया है। साथ ही गोदाम को सील कर दिया गया है। अब इस मामले में औषधि विभाग की ओर से दवा विक्रेता के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा चलाया जाएगा। - मनुशंकर, मंडलीय सहायक आयुक्त औषधि विभाग
-
छापे के बाद बिगड़ी दवा विक्रेता की हालत, रोकनी पड़ी कार्रवाई
नारकोटिक्स विभाग एवं औषधि विभाग द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान अचानक दवा विक्रेता नुकुल जैन की तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में दवा विक्रेता को परिजनों ने ही अस्पताल में भर्ती कराया। तबीयत बिगड़ने के बाद देर रात में कार्रवाई रोकी गई। बाद में दवा विक्रेता की हालत में सुधार होने पर फिर से कार्रवाई की गई।
लैपटाप और मोबाइल खोलेगा नशे के कारोबारियों की पोल
दवा विक्रेता का टीम ने मोबाइल और लैपटाॅप जब्त कर लिया है। सूत्रों के अनुसार लैपटॉप में प्रतिबंधित दवा का कारोबार करने वाले 20 से ज्यादा दवा विक्रेताओं के नाम हैं। टीम इन सभी का रिकार्ड खंगाल रही है। इन पर भी टीम जल्द ही कार्रवाई कर सकती है।
बीस दवा विक्रेताओं पर हो सकती है कार्रवाई
जिले के बीस से ज्यादा दवा कारोबारी प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री कर रहे हैं। टीम को इनके नाम मिल गए हैं। अब टीम जल्द ही इन दवा विक्रेताओं पर शिकंजा कसेगी। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।