नगर में बुधवार को नैनीताल हाईवे पर एक ट्रक का डीजल खत्म हो गया, इससे ट्रक हाईवे पर बंद हो गया। ट्रक बंद होने की वजह से हाईवे पर वाहन करीब तीन घंटे से अधिक देर तक जाम में फंसे रहे। ठंड के कारण जाम में फंसे लोग बेहद परेशान रहे।
नैनीताल हाईवे पर बुधवार की अपराह्न करीब एक बजे एक ट्रक रामपुर से रुद्रपुर को जा रहा था। नगर में मेन चौराहे को पार करते ही अचानक ट्रक का डीजल खत्म हो गया, जिसके कारण ट्रक हाईवे पर ही बंद हो गया। इस दौरान वाहनों के बढ़ते दबाब ने जाम की स्थिति पैदा कर दी।
विज्ञापन
धीरे धीरे हालत यह होने लगी कि हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गर्इं। रुद्रपुर व रामपुर की ओर हाईवे पर करीब दो किलोमीटर जाम लग गया।
जाम का आलम यह हो गया कि यात्री बेहद परेशान हो गए। जाम की वजह नगर में फैला अतिक्रमण और साप्ताहिक पैठ के कारण भीड़ भी रही। हालांकि, पुलिस दिन भर जाम को खुलवाने मेें लगी रही। फिर भी वाहन रेंग-रेंग कर गुजरे।