कड़ाके की सर्दी में सोमवार को लाइन में लगे ग्राहक भुगतान न मिलने पर भड़क गए। ग्राहकों ने प्रथमा बैंक के खिलाफ हंगामा करते हुए नैनीताल हाईवे जाम कर एक घंटा प्रदर्शन कर पुलिस की मौजूदगी में शाखा प्रबंधक को खरीखोटी सुनाईं। मैनेजर के आश्वासन पर जाम खत्म हुआ।
ग्राम पंजाबनगर स्थित प्रथमा बैंक पहुंचे शाखा प्रबंधक चंद्रसेन ने ग्राहकों को बताया कि उनकी बैंक को कैश नहीं मिल रहा है, लिहाजा वह आज किसी को भुगतान नहीं कर पाएंगे। इस पर लाइन में लगे ग्राहकों में बैंक के प्रति रोष फैल गया। उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने नारेबाजी करते हुए बैंक के सामने नैनीताल हाईवे पर प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया। जिससे हाईवे पर रुद्रपुर व रामपुर की ओर से आने वाले वाहन जाम में फंस गए। सूचना पर करीब एक घंटे बाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शाखा प्रबंधक को बुलाया।
भीड़ ने उनका घेराव कर खरीखोटी सुनाई। शाखा प्रबंधक ने कैश मिलने पर ही भुगतान बांटने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने टोकन सभी को दिलवाकर दोपहर बाद बैंक आने को कहा। इधर, दढ़ियाल में कैश का वितरण नहीं होने पर ग्रामीणों के विरोध के चलते कस्बे का प्रथमा बैंक पूरे दिन बंद रहा। शाहबाद नगर की भारतीय स्टेट बैंक, बड़ौदा बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, प्रथमा बैंक की शाखाओं पर नकदी निकालने के लिए लंबी लाइनें लगी रही। टांडा में ग्रामीणों ने प्रथमा बैंक प्रबंधक के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन किया और एसडीएम से शिकायत की।