केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि काला धन देश के बाहर हो या देश में उसे सरकार के खाते में लाया जाएगा। देश में काला धन रखने वालों के साथ सरकार सख्ती से निबटेगी। काला धन वापस लाना केंद्र सरकार की प्राथमिकता है। इस दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
शंकरपुर स्थित आवास पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के दौरान नकवी ने कहा कि अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और सम्मान को सियासी स्वार्थों की सूली नहीं चढ़ने दिया जाएगा। अब वक्त आ गया है, जब वोट के लिए जज्बातों पर चोट बंद होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति पर पलीता लगाने के राजनीतिक पाखंड का पर्दाफाश हो चुका है।
नफरत की ‘पेशेवर पाखंडी राजनीति’ को समाज की एकता और सौहार्र्द की ताकत से परास्त करना होगा। प्रधानमंत्री का एजेंडा विकास है, जो तथाकथित सेक्यूलरिज्म के महारथियों को हजम नहीं हो रहा है। बिहार विधानसभा चुनावों के दौरान भी जनता जवाब देगी।
इस मौके पर पूर्व मंत्री शिव बहादुर सक्सेना, पूर्व विधायक ज्वाला प्रसाद गंगवार, बलदेव औलख, ख्याली राम लोधी, दीक्षा गंगवार, राकेश मिश्रा, सूर्यप्रकाश पाल, कपिल आर्य, सुभाष भटनागर, जागेश्वर दयाल दीक्षित, हंसराज पप्पू, मोहन लाल सैनी, लक्ष्मी सैनी, राजीव मांगलिक, अजय तिवारी, दिलीप सक्सेना, प्रभात अग्रवाल, भूकन लोधी, पंकज रहे।