प्रधानपति हरपाल सिंह हत्याकांड के मुख्य हत्यारोपी जयदीप सिंह को पुलिस ने एक साल बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा और कारतूस तथा एक स्कूटी बरामद की है। एसपी ने उस पर 25 हजार का इनाम भी घोषित कर रखा था। पुलिस उससे पंजाब, यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा में किए गए अपराध का इतिहास खंगालने में जुट गई है।
कोतवाली के ग्राम डंडिया न्यामतगंज निवासी मुबारकपुर के प्रधानपति हरपाल सिंह 25 अप्रैल 2017 को अपनी बोलेरो से नगर से अपने घर को जा रहे था। रंजिशन कुछ लोगों ने नैनीताल हाईवे स्थित भाखड़ा डैम के पास अंधाधुंध फायरिंग करके उसकी हत्या कर दी थी। इस दौरान गोली लगने से दो लोग और जख्मी हुए थे। पुलिस ने बघेल सिंह बाघी और जयदीप सिंह निवासी ग्राम डिबडिबा समेत नौ लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की थी।
नामजदों के अलावा 17 लोगों के हत्याकांड में शामिल होने की बात प्रकाश में आई थी। 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जयदीप समेत दो लेाग फरार थे। फरार आरोपियों में जयदीप भी था, पुलिस ने फरार होने के कारण उसके घर की कुर्की भी कर ली थी। पुलिस ने उस पर 25 हजार का इनाम भी घोषित कर दिया था।
पुलिस अधीक्षक डा. विपिन ताडा ने बताया कि बिलासपुर पुलिस ने मंगलवार की शाम पुलिस ने काशीपुर मार्ग स्थित सोबती होटल के पास से जयदीप को उस वक्त गिरफ्तार कर लिया जब वह हेलमेट पहनकर स्कूटी से काशीपुर से अपने घर जा रहा था। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा और पांच कारतूस तथा बिना अभिलेखों की स्कूटी बरामद कर ली। पुलिस ने स्कूटी सीज कर दी।
पुलिस का कहना है कि हरपाल की हत्या करने के बाद वह पंजाब में छिप गया था और उसने पंजाब में जिसके घर में छिपा था, वहां के गृहस्वामी के एक दुश्मन की भी अपने साथी मनमीत के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। उसके खिलाफ पंजाब, यूपी, उत्तराखंड, राजस्थान, हरियाणा के विभिन्न थानों में दर्ज अपराधों को पुलिस खंगालने में लगी है।