पहले अपराधियों की हिफाजत करने वाली सरकार थी
कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुष्टीकरण, परिवारवाद, धर्म, जाति, क्षेत्रवाद के राजनीतिक स्पीडब्रेकर को ध्वस्त कर समावेशी सशक्तिकरण का हाईवे तैयार किया है। भाजपा के लिए सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास समावेशी संकल्प और संवैधानिक प्रतिबद्धता है। उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि पहले अपराधियों की हिफाजत करने वाली सरकार थी, लेकिन अब अपराधियों को जेल भेजने वाली सरकार है।
पिछली बार से ज्यादा सीटों के साथ बनेगी भाजपा की सरकार
उन्होंने उत्तर प्रदेश में पिछली बार से ज्यादा सीटों के साथ भाजपा की सरकार बनने का भी भरोसा जताया। अखिलेश और जयंत चौधरी पर मजाकिया अंदाज में कहा कि पहले भी एक बार अखिलेश यादव और राहुल गांधी के रूप में दो हंसों की जोड़ी आ चुकी है लेकिन बिछड़ गई। अब लोग कह रहे हैं कि दो हंसों की जोड़ी बिखर गई रे.. ऐसा ही इस चुनाव की अखिलेश-जयंत चौधरी की दो हंसों की जोड़ी का हाल हो रहा है।
देश संविधान से चलता है, कुछ लोग शरीयत के अनुसार चलाना चाहते हैं, ये नहीं होगा
हिजाब विवाद को लेकर पूछे गए एक सवाल के जबाव में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि सभी लोग संवैधानिक अधिकारों की बात करते हैं, लेकिन सभी को अपने कर्तव्यों की चिंता होनी चाहिए। हर कोई अपने धार्मिक कार्यों के लिए स्वतंत्र है। लेकिन, उसे सोचना चाहिए कि दूसरे के अधिकार भी हैं, जिनका सम्मान हो।
कहा कि कुछ लोग देश को शरीयत के अनुसार चलाना चाहते हैं, ये नहीं होगा। देश संविधान के अनुसार चलेगा। कहा कि हिजाब का हुड़दंग करने वाले मुस्लिम बेटियों की शिक्षा और तरक्की पर तालिबानी ताला डालना चाहते हैं, ये नहीं होगा। ये लोग संविधान में अपने अधिकार थोपने की ठिठौली कर रहे हैं। कहा कि पार्टी तक का ड्रेस कोड होता है, हर स्कूल का ड्रेस कोड होता है, इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।