रामपुर। लोकसभा में नागरिकता संशोधन विधेयक (कैब) प्रस्तुत किए जाने पर सांसद आजम खां ने कहा कि सरकार सत्ता की ताकत का गलत इस्तेमाल कर रही है। वहीं इस बिल के बाद एनआरसी लाने की तैयारी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने देश में बेरोजगारी के मुद्दे को उठाते हुए कहा लोगों के पास कारोबार नहीं है, काम नहीं है।
सोमवार की रात पत्रकारों से बातचीत के दौरान आजम खां कहा कि कैब का फैसला ताकत के बल पर हुआ है। विपक्ष कमजोर है वह कितनी ही सही बात कहे तो उसकी सुनवाई नहीं होगी, लेकिन अच्छे लोकतंत्र की मिसाल यह है कि सत्ता पक्ष को विपक्ष की सही बात को न सिर्फ सुनना चाहिए बल्कि उसे मान लेना चाहिए। जिस सवाल पर देश आज बंटा हुआ है इसी सवाल पर तो 1947 में भी बंटा था लेकिन जो लोग पाकिस्तान नहीं गए थे उनके पास रास्ता था पाकिस्तान जाने का मुसलमानों के अलावा किसी के पास विकल्प नहीं था पाकिस्तान जाने का लेकिन जो लोग उस वक्त पाकिस्तान नहीं गए वह शायद उनसे ज्यादा बड़े देश भक्त थे, जिन्हें जाने का ऑप्शन नहीं था। अब अगर उस देशभक्ति की यही सजा है उस पर कोई टिप्पणी नहीं की जा सकती क्योंकि लोकतंत्र में दिमाग नहीं सिर गिने जाते हैं।
कैब के बाद एनआरसी बिल की तैयारी है के सवाल पर आजम खान ने कहा इससे फायदा तो कोई बहुत नहीं होने वाला है। उन्होंने कहा कि एक बार चीन ने अपनी आबादी के बारे में पूरी दुनिया को एक संदेश दिया था कि लोग आबादी कम करने के लिए कोशिश करते हैं और हम आबादी बढ़ाने के लिए कोशिश करता हैं। इसलिए क्योंकि एक व्यक्ति जो एक पेट लेकर पैदा होता है वह दो हाथ और दो पैर लेकर पैदा होता है। वह उन से काम लेते हैं यही वजह है कि चीन दुनिया की सबसे बड़ी ताकत है हर फील्ड। आज हालात यह हैं कि लोगों के पास कारोबार नहीं है काम नहीं है।