रामपुर। विभिन्न समस्याओं को लेकर लेखपालों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। कलमबंद हड़ताल करते हुए धरना दिया। जमकर नारेबाजी की। इस दौरान लेखपालों से संबंधित सभी कामकाज ठप रहे। उन्होंने सभी समस्याओं का निस्तारण कराने की मांग की है।
लेखपाल संघ के प्रांतीय आहवान पर जिले भर के लेखपालों ने कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। संघ के बैनर तले लेखपालों ने तहसील सदर समेत अन्य तहसील मुख्यालयों में एकत्र होकर जमकर नारेबाजी की और फिर वे धरने पर बैठ गए। धरने के दौरान लेखपालों ने वेतन समेत अन्य मांगों को शीघ्र पूरा किए जाने की मांग की। इस दौरान लेखपालों ने विभाग के अलावा अतिरिक्त कार्य कराए जाने पर भी रोष जताया। लेखपालों ने इस दौरान सभी मांगों को पूरा न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष महीपाल सागर, जिला मंत्री सत्येंद्र प्रकाश शर्मा समेत अन्य लेखपाल मौजूद रहे।