रामपुर। जिले में 70 वर्ष से अधिक उम्र के 90 हजार से ज्यादा बुजुर्गों को आयुष्मान योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा मिलेगी। उनका पांच लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त होगा। केंद्र सरकार की घोषणा के बाद अब बुजुर्गों को अपनी बीमारी पर होने वाले खर्च की चिंता से आजादी मिलेगी।
केंद्र सरकार की ओर से गरीब वर्ग के लोगों का मुफ्त में इलाज कराने के लिए आयुष्मान योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत अब तक गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये का इलाज मुफ्त दिया जा रहा है। अब केंद्र सरकार ने 70 वर्ष से ऊपर के सभी बुजुर्गों को इस योजना में शामिल करने फैसला किया है। अभी तक इस योजना में सभी वर्ग के बुजुर्गों को शामिल नहीं किया गया था।
सरकार के इस फैसले से जिले के 90 हजार से ज्यादा बुजुर्गों को स्वास्थ्य लाभ मिलने जा रहा है। रामपुर में निर्वाचन आयोग की ओर से अप्रैल 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान उम्रवार मतदाताओं का आंकड़ा जारी किया था। इसके मुताबिक जिले में 70 साल से ज्यादा उम्र के 90,174 लोग हैं। अफसरों के अनुसार इन सभी को इस योजना का लाभ मिलेगा। हालांकि, अभी तक विभाग को कोई आदेश नहीं मिला है, लेकिन आदेश जारी होते हुए स्वास्थ्य विभाग बुजुर्गों को योजना का लाभ देगा।
पुरुषों के मुकाबले महिला बुजुर्गों की संख्या ज्यादा
लोकसभा चुनाव के दौरान प्रशासन द्वारा 70 साल की उम्र से ज्यादा मतदाताओं का आंकड़ा जारी किया गया था। उसमें पुरुषों के मुकाबले महिलाएं अधिक हैं। इसलिए योजना का लाभ पाने वालों में भी महिलाओं की संख्या अधिक रहेगी। जिले में 70 साल से अधिक उम्र की डालें तो जिले में 70 से 79 के दायरे में 34831 महिलाएं हैं, जबकि पुरुषों की संख्या 33563 ही है। इसी तरह प्रत्येक उम्र में महिलाओं की संख्या ज्यादा है।
छह लाख लोगों को जारी हुए आयुष्मान कार्ड
आयुष्मान योजना के तहत जिले में छह लाख से ज्यादा लोगों को कार्ड जारी किए जा चुके हैं। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक जिले में करीब 66 हजार लोग इस योजना के तहत मुफ्त इलाज का लाभ भी उठा चुके हैं।
अब तक जिले में 66 हजार से ज्यादा लोग आयुष्मान योजना का लाभ उठा चुके हैं। इसके साथ ही अब जो नई स्कीम आई है, उसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। शासन से जो निर्देश मिलेंगे, उनका पालन किया जाएगा। - डाॅ. एसपी सिंह, सीएमओ
जिले में उम्रवार बुजुर्गों की संख्या
जिले में 70-79 साल तक के 68,394, 80-89 वर्ष के 17,893, 90-99 साल के 3,819, 100-109 साल के 67 बुजुर्ग हैं। वहीं एक बुजुर्ग की उम्र 110-120 साल के बीच है। इस प्रकार जिले में 70 साल से अधिक उम्र के कुल 90,174 लोग हैं।