रामपुर। गर्मियों के बीच सोमवार तड़के मानसून जैसी बारिश हुई, जिससे खेतों से लेकर सड़कें तक जलमग्न हो गईं। बारिश के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिकतम तापमान तीन डिग्री गिरकर 29 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई है।
पिछले सप्ताह से मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। रविवार को धूप खिलने के बाद सोमवार तड़के करीब तीन बजे से बारिश शुरू हुई, जो साढ़े नौ बजे तक जारी रही। इस दौरान कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई और नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया। बारिश के कारण सुबह लोगों को ठंड का एहसास हुआ।
करीब पांच घंटे तक हुई बारिश के कारण अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि मंगलवार को कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जबकि बुधवार और बृहस्पतिवार को पूरे जिले में बारिश के आसार हैं।उन्होंने बताया कि शुक्रवार से मौसम साफ रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी होगी, जो 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है।